Breaking
Fri. Jun 12th, 2026

पुण्डुगुटु जंगल में पेड़ से लटका मिला छात्रा का शव, हत्या की आशंका जताई

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना अंतर्गत पांड्रासाली ओपी क्षेत्र में 18 वर्षीय छात्रा आशा माई तीयू का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका गिंदीमुंडी गांव की रहने वाली थी और चाईबासा स्थित नगरपालिका बांग्ला मध्य विद्यालय की छात्रा थी।

लोपोर सिंह तीयू, मृतका के पिता एवं दामू तीयू , मृतका का चाचा के अनुसार, आशा माई तीयू का शव उसके गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर कुंभराम गांव के समीप स्थित पुण्डुगुटु जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ मिला। शुक्रवार सुबह जंगल में पत्ता तोड़ने गई महिलाओं ने शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना ग्रामीणों को दी गई। इसके बाद कुंभराम गांव के मुखिया के माध्यम से मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आशा माई तीयू के रूप में की। मृतका के पिता लोपोर सिंह तीयू ने बताया कि उनकी बेटी बुधवार से लापता थी और परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। उन्होंने

आशंका जताई कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पांड्रासाली ओपी प्रभारी मेघनाथ मंडल अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Post