Breaking
Thu. Sep 17th, 2026

नगड़ी में रिम्स-2 के विरोध में CM आवास कूच, कांके ब्लॉक चौक पर रोके गए प्रदर्शनकारी

*रांची*: नगड़ी में प्रस्तावित रिम्स-2 निर्माण के विरोध में गुरुवार को आदिवासी संगठनों और नगड़ी जमीन बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और आदिवासी समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि रिम्स-2 के लिए चुनी गई भूमि अत्यंत उपजाऊ कृषि भूमि है, जिससे किसानों की आजीविका और स्थानीय संस्कृति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को प्रशासन ने कांके ब्लॉक चौक के समीप बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इसके बाद रैली को कांके प्रखंड कार्यालय की ओर मोड़ने का प्रयास किया गया। आंदोलनकारियों ने कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन किसानों की उपजाऊ जमीन पर निर्माण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और युवा शामिल हुए। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेंगे। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और लगातार प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर हालात को शांतिपूर्ण बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post