Breaking
Sun. Nov 1st, 2026

हाठु गांव के पास भीषण सड़क हादसा, बालू लदे हाइवा के चालक-खलासी की मौत

रांची। रांची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेड़ो थाना क्षेत्र के हाठु गांव के समीप गुरुवार को दो वाहनों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में बालू लदे हाइवा के चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों उसमें बुरी तरह फंस गए।

हादसे के बाद टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दुर्घटना की भयावह स्थिति देखकर ग्रामीणों ने तत्काल बेड़ो थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

क्षतिग्रस्त हाइवा में चालक और खलासी के फंसे होने के कारण उन्हें बाहर निकालने में पुलिस और ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद दोनों को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस मृतकों की पहचान करने के साथ उनके परिजनों को घटना की सूचना देने में जुटी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घर में मातम पसर गया।

दुर्घटना के कारण रांची-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन पड़े रहने से दोनों ओर वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कराई।

बेड़ो पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों वाहनों की गति, आमने-सामने टक्कर की परिस्थितियों और हादसे के अन्य कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Post