बोकारो: बोकारो के सेक्टर-12 में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2027 में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मार्च 2027 तक अस्पताल की सेवाएं प्रारंभ करने तथा अगस्त 2027 से मेडिकल शिक्षा शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अपर मुख्य सचिव ने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने वर्क प्लान के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
मीडिया से बातचीत में अजय कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि वर्ष 2027 में ही बोकारो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल आम लोगों के लिए समर्पित हो जाए। इसी उद्देश्य से विभाग लगातार निर्माण कार्यों की निगरानी कर रहा है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में नामांकन शुरू करने के लिए आवश्यक लाइसेंस एवं मान्यता की प्रक्रिया भी समय रहते पूरी की जाएगी, ताकि जुलाई-अगस्त 2027 से मेडिकल की पढ़ाई प्रारंभ की जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार सभी मेडिकल कॉलेजों में कैंसर उपचार की सुविधाएं विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। बोकारो मेडिकल कॉलेज में ऑन्कोलॉजी विभाग के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित की जाएगी। इसके तहत रेडिएशन थेरेपी इकाई के लिए विशेष रेडिएशन-रोधी भवन के निर्माण का भी निर्देश दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शुरू होने से बोकारो सहित आसपास के जिलों के लोगों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं और मेडिकल शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

