जमशेदपुर, 7 अक्टूबर 2026। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी एवं स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी श्रीमती रूपी सोरेन के निधन पर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने गहरा शोक व्यक्त किया है। चैंबर ने दिवंगत रूपी सोरेन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
रूपी सोरेन हिलव्यू नर्सिंग होम में इलाजरत थीं। उनके निधन पर SCCI अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि रूपी सोरेन का जीवन सादगी, धैर्य, त्याग और समर्पण का प्रतीक रहा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन के लंबे और संघर्षपूर्ण सार्वजनिक जीवन में रूपी सोरेन ने हर कदम पर उनका साथ दिया और परिवार को मजबूती प्रदान की।
मानव केडिया ने कहा कि उनका निधन सोरेन परिवार के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। दुख की इस घड़ी में सिंहभूम चैंबर परिवार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोक व्यक्त करने वालों में SCCI के महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, हर्ष बांकरेवाल, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, सचिव भरत माकानी, अंशुल रिंगसिया, विनोद शर्मा और सुरेश शर्मा सहित चैंबर के सभी पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और सदस्य शामिल रहे।

