जमशेदपुर, 6 अक्टूबर। सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से मंगलवार को चैंबर भवन, बिष्टुपुर में कॉन्सन्ट्रेटेड सोलर थर्मल (CST) टेक्नोलॉजी पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य औद्योगिक और व्यावसायिक क्षेत्र को सौर तापीय तकनीक की उपयोगिता, संभावनाओं और औद्योगिक प्रक्रियाओं में इसके व्यावहारिक इस्तेमाल की जानकारी देना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कहा कि उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मकता और दीर्घकालिक स्थिरता के लिए स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा समाधानों को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि CST टेक्नोलॉजी झारखंड के उद्योगों, विशेषकर फोर्जिंग, हीट ट्रीटमेंट, कास्टिंग, गैल्वनाइजिंग, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी और एमएसएमई इकाइयों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बन सकती है।
चैंबर के उपाध्यक्ष इंडस्ट्री हर्ष अग्रवाल बकरेवाल ने कहा कि नई तकनीकों के प्रति उद्योग जगत में जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके व्यावहारिक उपयोग को भी प्रोत्साहित करने की जरूरत है। इससे ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के साथ उद्योगों को कार्बन फुटप्रिंट कम करने में मदद मिल सकती है।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता प्रणव नाथ, मुख्य कंसल्टेंट, आईटी पावर ने CST टेक्नोलॉजी की कार्यप्रणाली, औद्योगिक उपयोग, लाभ और व्यवहार्यता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्टीम उत्पादन, हॉट वाटर और अन्य औद्योगिक हीटिंग जरूरतों में इसके संभावित उपयोग पर भी चर्चा की। इस दौरान उद्यमियों ने तकनीक की लागत, उपयोगिता और विभिन्न औद्योगिक प्रक्रियाओं में इसके अनुप्रयोग से जुड़े सवाल पूछे।
चैंबर के महासचिव पुनीत काउंटिया ने कहा कि चैंबर उद्योग और व्यवसाय जगत को नई तकनीकों, ऊर्जा दक्षता और सतत विकास से जोड़ने के लिए लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी और जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यशाला में उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, सचिव विनोद शर्मा, अंशुल रंगसिया, एग्जीक्यूटिव मेंबर्स आकाश मोदी, शुभम सेन, पीयूष गोयल, रविकांत अग्रवाल, राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष बंटी खिरवाल समेत चाकुलिया के चावल उद्योग से जुड़े सुभाष लोधा, अविनाश सुरेखा, बासु रूंगटा, आनंद सेक्सरिया, भार्गव लोधा, विवेक लोधा और प्रदीप लोधा सहित बड़ी संख्या में एमएसएमई उद्यमी, व्यवसायी, पेशेवर और चैंबर सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

