चाईबासा: नगर परिषद चाईबासा की तृतीय बोर्ड बैठक बुधवार को नगर परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने की। बैठक में उपाध्यक्ष विकास कुमार शर्मा, कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू, सभी वार्ड पार्षद, नगर परिषद के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठकों की कार्यवाही की पुष्टि के साथ हुई। इसके बाद आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर के सभी वार्डों में नालियों की युद्ध स्तर पर साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया। नगर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए समय पर आवश्यक तैयारी करने पर जोर दिया गया।
बैठक में वैसे स्थान जहां स्ट्रीट लाइट की गंभीर समस्या है, वहां नगर परिषद के आंतरिक संसाधन मद से लाइट लगाने का निर्णय लिया गया। वहीं नाली और सड़क पर अतिक्रमण करने वाले स्थलों को चिन्हित कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी करने और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
शहर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुराने एवं जर्जर जल मीनारों की मरम्मत कराने तथा जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने को कहा गया। इसके अलावा गर्मी को देखते हुए बंद पड़े और खराब चापानलों की मरम्मत कराने एवं क्षतिग्रस्त चबूतरों को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत डोर टू डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा की गई। कचरा उठाव के लिए चयनित एजेंसी मेसर्स पायोनियर को वाहनों की संख्या बढ़ाने और एक माह के अंदर व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया गया। व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर एजेंसी के कार्य को रोकने एवं आवंटित कार्य समाप्त करने की अनुशंसा करने की बात कही गई।
बैठक में वैसे सामुदायिक भवन जहां आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं या जो बंद पड़े हैं, वहां दूसरे तल्ले के निर्माण को लेकर विभाग से स्पष्ट मार्गदर्शन मांगने का निर्णय लिया गया।
मंगलाहाट की व्यवस्था पर चर्चा करते हुए नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कार्यपालक पदाधिकारी संतोषिनी मुर्मू एवं स्वच्छ भारत मिशन के नोडल नगर प्रबंधक संतोष बेदिया को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के नोडल नगर प्रबंधक संतोष बेदिया, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के नोडल लोकेश कुमार सिंह, दीनदयाल जन आजीविका योजना शहरी के नोडल नगर मिशन प्रबंधक राकेश कुमार आनंद, रेवेन्यू अधिकारी, सहायक एवं कनीय अभियंता सहित पीएचईडी और लघु सिंचाई प्रमंडल के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में नशा उन्मूलन को लेकर उपस्थित सभी लोगों ने शपथ ग्रहण किया।

