जमशेदपुर। बुधवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम के नवपदस्थापित अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव को पत्र भेजकर पेयजलापूर्ति परियोजना और विभिन्न विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि नगर निगम क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति और विकास कार्यों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं, इसलिए प्रशासन की ओर से वास्तविक स्थिति स्पष्ट किया जाना आवश्यक है।
अपने पत्र में सरयू राय ने मानगो पेयजलापूर्ति परियोजना के प्रत्येक चरण की जानकारी मांगी है। उन्होंने इंटेकवेल की कार्य स्थिति, उसमें लगे पंपों की क्षमता और संचालन, नदी से प्रतिदिन उठाए जाने वाले पानी की मात्रा तथा जल शोधन संयंत्र की कार्यक्षमता के संबंध में सवाल उठाए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा है कि शोधन के बाद पानी किस-किस जलमीनार तक पहुंचाया जाता है और वहां से किन इलाकों में कितनी अवधि तक जलापूर्ति की जाती है।
विधायक ने नगर निगम क्षेत्र में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन और उसकी उपयोगिता पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पूछा है कि किन मोहल्लों तक पाइपलाइन का विस्तार हो चुका है और उनमें से कितने क्षेत्रों में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति हो रही है। इसके अलावा उन्होंने उन इलाकों का भी विवरण मांगा है जहां पाइपलाइन तो बिछी हुई है, लेकिन लोगों को अब तक पानी नहीं मिल रहा है। देर रात होने वाली जलापूर्ति को लेकर भी उन्होंने जानकारी मांगी है।
पत्र में सरयू राय ने पेयजल संकट से निपटने के लिए चलाए जा रहे टैंकरों की संख्या, उनके संचालन क्षेत्र और वितरण व्यवस्था का ब्यौरा भी मांगा है। उन्होंने बालीगुमा जलमीनार तक एनएच-33 के रास्ते पाइपलाइन पहुंचाने के प्रस्तावित कार्य की प्रगति के संबंध में भी जानकारी चाही है। इसके साथ ही उन्होंने उन शिकायतों का उल्लेख किया है जिनमें उपभोक्ताओं ने पानी नहीं मिलने के बावजूद जलकर का बिल मिलने की बात कही है।
विधायक ने इंटेकवेल में जमा बालू हटाने और सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए विधायक निधि से स्वीकृत राशि का हवाला देते हुए संबंधित कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने यह भी जानना चाहा है कि इंटेकवेल, जल शोधन संयंत्र और जलमीनारों की सफाई कितनी नियमितता से होती है तथा अंतिम बार सफाई कब कराई गई थी।
सरयू राय ने परियोजना के मूल डीपीआर में निर्धारित जलापूर्ति लक्ष्य और उसकी वर्तमान उपलब्धि की तुलना संबंधी जानकारी भी मांगी है। उनका कहना है कि परियोजना पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है तो इसकी समीक्षा आवश्यक है।
पत्र के अंत में उन्होंने अपर नगर आयुक्त से नगर निगम क्षेत्र में विधायक निधि और जिला योजना मद से संचालित योजनाओं की स्थिति पर भी रिपोर्ट देने को कहा है। उन्होंने पूछा है कि तीन माह से अधिक पहले शिलान्यास की गई योजनाओं में कितनी पूरी हो चुकी हैं, कितनी निर्माणाधीन हैं और कितनी योजनाओं पर अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है। साथ ही उन्होंने योजनाओं में हो रही देरी के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जानकारी भी मांगी है।

