चाईबासा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला की ओर से बुधवार को सिकुरसाई स्थित वन देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना करते हुए विधिवत पूजा की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद ने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस नेतृत्व के प्रति सम्मान और आस्था का प्रतीक है जिसने पिछले 12 वर्षों में भारत को विकास, सुशासन और आत्मविश्वास की नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विश्व मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है और आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत तथा निर्णायक शक्ति के रूप में उभर रहा है।
पूजा-अर्चना के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जेबी तुबिद ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसानों के उत्थान, बुनियादी ढांचे के विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जिससे करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को गांव-गांव तथा घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा चाईबासा मंडल अध्यक्ष कुंज बिहारी ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे संगठन को और अधिक मजबूत बनाते हुए जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री एवं मंडल प्रभारी रूपा सिंह दास ने कहा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है और यही प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा, सुशासन और विकास के संकल्प के साथ लगातार जनता के बीच कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे। वन देवी मंदिर में सामूहिक पूजा-अर्चना और राष्ट्र कल्याण की प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

