Breaking
Mon. Jun 29th, 2026

जयदा मंदिर के पास सुवर्णरेखा नदी में डूबा युवक, रातभर तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग

चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड स्थित प्रसिद्ध जयदा मंदिर के समीप सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान एक युवक के डूब जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के पंचवटी नगर, सिद्धू-कान्हू बस्ती जोन नंबर-2 निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार उर्फ बल्लू के रूप में हुई है। देर रात तक चले खोज अभियान के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार प्रेम कुमार अपने मित्र आशुदेव कुमार के साथ सोमवार को बाइक से चांडिल और आसपास के पर्यटन स्थलों की सैर करने निकला था। दोनों शाम के समय जयदा मंदिर पहुंचे। मंदिर के समीप बाइक खड़ी करने के बाद वे सुवर्णरेखा नदी घाट की ओर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रेम कुमार नदी में स्नान करने के लिए उतर गया, जबकि उसका मित्र किनारे पर खड़ा था और मोबाइल से वीडियो बना रहा था।

शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन कुछ ही देर बाद प्रेम कुमार गहरे पानी की ओर बढ़ गया। अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह डूबने लगा। मित्र आशुदेव ने उसे बचाने का प्रयास किया और मदद के लिए जोर-जोर से आवाज लगाई, लेकिन उस समय घाट के आसपास लोगों की संख्या बेहद कम थी। समय रहते कोई सहायता नहीं मिल सकी और युवक नदी की तेज धारा में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। बाद में चांडिल थाना और चौका थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल सकी।

इधर घटना की खबर मिलते ही प्रेम कुमार के परिजन भी जयदा पहुंच गए। बेटे के नदी में डूबने की सूचना सुनकर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने परिजनों को सांत्वना देने का प्रयास किया, लेकिन माहौल पूरी तरह गमगीन बना रहा।

पुलिस ने बताया कि युवक की तलाश जारी है और नदी में खोजबीन के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Related Post