जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर संभावित आपराधिक घटना को टालने का दावा किया है। गिरफ्तार युवक के पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेलीबोधन घाट के आसपास एक युवक हथियार लेकर घूम रहा है और किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और इलाके में छापेमारी शुरू की गई।
पुलिस टीम के पहुंचते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान 19 वर्षीय निहाल कुमार गुप्ता के रूप में हुई। वह आदित्यपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित रोड नंबर-10 का निवासी बताया गया है।
तलाशी के दौरान युवक के पास से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई, जिसमें एक जिंदा कारतूस लोड था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह लोगों में दहशत फैलाने और डराने-धमकाने के उद्देश्य से हथियार अपने पास रखता था।
शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार उसके पास कहां से आया और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।

