जमशेदपुर। सिख धर्म के पांचवें गुरु, अर्जुन देव जी की पावन स्मृति में शनिवार को जेम्को सिख संगत की ओर से जेमको गुरुद्वारा के मुख्य द्वार के समीप छबीली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिले के पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार ने किया।
इस अवसर पर टेल्को थाना प्रभारी एवं वरीय पुलिस निरीक्षक सुरेश प्रसाद, समाजसेवी तथा केंद्रीय शांति समिति के सदस्य नंदलाल सिंह, ओमप्रकाश उपाध्याय तथा सवर्ण महासंघ फाउंडेशन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी.डी. त्रिपाठी बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रंथी सरदार योगिंदर सिंह ने गुरुवाणी का पाठ किया और गुरु अर्जुन देव जी के जीवन, त्याग एवं बलिदान पर प्रकाश डाला। इसके बाद श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के बीच चना-गुड़ और शर्बत का वितरण किया गया। छबीली में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर गुरु साहिब को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि संजीव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु अर्जुन देव जी का जीवन धर्म, मानवता और संस्कृति की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की सेवा, समर्पण और त्याग की भावना समाज को मानवीय मूल्यों से जोड़ने का कार्य करती है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सरदार सुरजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह लाडे, चरणजीत सिंह चुन्नू, परमजीत सिंह, पलविंदर सिंह बिट्टू, दर्शन सिंह, राममूर्ति सहित जेमको सिख संगत के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजन के माध्यम से गुरु अर्जुन देव जी की शहादत को याद करते हुए सेवा और मानवता का संदेश दिया गया।

