Breaking
Sat. Jun 6th, 2026

कामगार कांग्रेस की कमान अरुण त्रिपाठी को, असंगठित मजदूरों के अधिकारों के लिए चलाएंगे व्यापक अभियान

जमशेदपुर: श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर लंबे समय से सक्रिय रहे टीएसपीडीएल यूनियन के कमेटी मेंबर और कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव अरुण त्रिपाठी को भारतीय राष्ट्रीय कामगार कांग्रेस (इंटक) से संबद्ध कामगार कांग्रेस का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनके मनोनयन के बाद श्रमिक संगठनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खुशी का माहौल है।

नियुक्ति पत्र जारी होने के साथ ही संगठन की ओर से उन्हें आगामी एक माह के भीतर जिला एवं प्रखंड स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, नई कमेटियों का गठन करने तथा श्रमिकों के बीच संगठन का विस्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति से जिले में कामगार कांग्रेस की गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अरुण त्रिपाठी ने अपनी नियुक्ति पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदित राज, राष्ट्रीय पदाधिकारी संजय गाबा, झारखंड के वरिष्ठ नेता केशव महतो कमलेश तथा प्रदेश अध्यक्ष शैलेश पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।

अरुण त्रिपाठी ने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी संख्या में श्रमिक असंगठित क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, जिन्हें सामाजिक सुरक्षा, श्रम कानूनों के लाभ और सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी नहीं मिल पाती है। ऐसे श्रमिकों को संगठन से जोड़ना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि निर्माण मजदूर, ठेका श्रमिक, घरेलू कामगार, रिक्शा एवं ठेला चालक, छोटे प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारी और अन्य असंगठित क्षेत्र के कामगारों को संगठित कर उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा मजदूरों को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मनरेगा श्रमिकों को रोजगार, मजदूरी भुगतान, कार्यस्थल की सुविधाओं और सरकारी प्रावधानों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयास करेगा। इसके अलावा श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

अरुण त्रिपाठी ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों में कार्यकर्ताओं और श्रमिक प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कामगार कांग्रेस श्रमिकों की आवाज को सरकार और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेगी तथा मजदूरों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष जारी रहेगा।

Related Post