जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर शुक्रवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनहित के कई महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया।
ज्ञापन में कहा गया कि शहर के कई इलाकों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो रही है, जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी का अंबार लग रहा है और स्थानीय निवासियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें मिलने के बावजूद जेएनएसी की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
इसके अलावा शहर की खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि अंधेरे के कारण कई क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, पिछले वर्ष कई बार रद्द होने के बाद जिन विकास योजनाओं के लिए निविदाएं जारी की गई थीं, उन कार्यों को अब तक शुरू नहीं किए जाने पर भी चिंता जताई गई।
प्रतिनिधिमंडल ने खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग भी की। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि विधायक निधि से कचरा उठाव व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए छह ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए हैं, इसके बावजूद कई क्षेत्रों में कचरा संग्रहण प्रभावित है।
ज्ञापन के माध्यम से यह भी सवाल उठाया गया कि दो माह पूर्व सफाई व्यवस्था के लिए जारी की गई निविदा को रद्द किए जाने के बाद अब तक नई निविदा क्यों नहीं निकाली गई। साथ ही जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतों के समयबद्ध समाधान तथा प्रभावी शिकायत निवारण प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
उपायुक्त से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में चुन्नू भूमिज, उषा यादव, भीम सिंह, नीरज सिंह, धर्मेंद्र प्रसाद, विवेक पांडेय, राघवेंद्र प्रताप सिंह, मनोज सिंह, कुंअर अतुल सिंह, रणजीत कुमार, तारक मुखर्जी, विनोद सिंह, ललित सिंह और बुद्धेश्वर कर्मकार सहित अन्य लोग शामिल थे।

