जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने बुधवार को पटमदा थाना क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। सहायक आयुक्त उत्पाद अरुण कुमार मिश्र के निर्देश पर विभागीय टीम ने बुढीगोड़ा और आमदापहाड़ी गांव में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बनाने के कई ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 30 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया लगभग 1400 किलोग्राम किण्वित जावा महुआ भी जब्त किया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार इतनी बड़ी मात्रा में तैयार सामग्री का उपयोग बड़े पैमाने पर अवैध शराब बनाने के लिए किया जाना था।
उत्पाद विभाग की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही अवैध भट्ठियों का संचालन करने वाले लोग मौके से फरार हो गए। बताया गया कि टीम के पहुंचने से पहले ही कारोबारी आसपास के जंगलों और अन्य क्षेत्रों की ओर भाग निकले, जिसके कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
विभाग ने अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान शुरू कर दी है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उत्पाद विभाग ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो तो इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

