Breaking
Wed. Jun 3rd, 2026

पूर्वी सिंहभूम में झामुमो का बीएलए प्रशिक्षण शिविर, मतदाता सूची पुनरीक्षण पर दिया गया जोर

जमशेदपुर। बुधवार को शहर के टाउन हॉल सभागार में पूर्वी सिंहभूम जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के तत्वावधान में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विधायक संजीव सरदार, मंगल कालिंदी, सोमेश सोरेन और सविता महतो सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रशिक्षण शिविर में बीएलए को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान, एसआईआर मैपिंग, विभिन्न निर्वाचन प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया तथा नए पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अलावा जिन योग्य नागरिकों के नाम किसी कारणवश मतदाता सूची से हट गए हैं, उनका नाम दोबारा सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।

इस अवसर पर विनोद पाण्डेय ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम जिले में लगभग ढाई लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से बाहर होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम नहीं होने से लोगों को भविष्य में कई सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो सकती है। उन्होंने बताया कि बीएलए को प्रशिक्षित करने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान अधिकार से वंचित न रहे। साथ ही कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं का नाम सूची में दर्ज कराने का आह्वान किया।

Related Post