Breaking
Wed. Jun 3rd, 2026

GST/JPT जागरूकता शिविर में चेंबर ने उठाईं व्यापारियों की समस्याएं, ब्याज माफी की मांग

चाईबासा: वाणिज्य कर विभाग, चाईबासा अंचल द्वारा आयोजित GST/JPT जागरूकता एवं सुविधा शिविर में चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए व्यापारियों और उद्यमियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को विभाग के समक्ष रखा।

चेंबर के प्रतिनिधियों ने कहा कि राज्य के कई छोटे एवं मध्यम व्यवसायी झारखंड प्रोफेशनल टैक्स (JPT) की मूल बकाया राशि जमा करना चाहते हैं, लेकिन वर्षों से जुड़ा भारी ब्याज उनके लिए बड़ी बाधा बन गया है। चेंबर ने राज्य सरकार से एकमुश्त ब्याज माफी की मांग करते हुए कहा कि इससे अधिक व्यवसायी स्वेच्छा से कर भुगतान कर सकेंगे और राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

शिविर में चेंबर ने नए व्यवसायों के लिए प्रोफेशनल टैक्स देयता निर्धारण की वर्तमान व्यवस्था में बदलाव का सुझाव दिया। चेंबर का कहना था कि किसी भी नए व्यवसाय की कर देयता उसकी निबंधन तिथि से तय की जानी चाहिए, जिससे नए उद्यमियों को शुरुआती दौर में आर्थिक राहत मिल सके।

व्यापारियों ने प्रोफेशनल टैक्स निबंधन एवं कर भुगतान के लिए संचालित सिंगल विंडो सिस्टम की धीमी कार्यप्रणाली का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि पोर्टल की तकनीकी खामियों, सर्वर की धीमी गति और आवेदन निष्पादन में विलंब के कारण निबंधन, संशोधन और कर भुगतान संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

चेंबर ने विभाग से सिंगल विंडो प्रणाली की तकनीकी क्षमता बढ़ाने, सर्वर व्यवस्था को मजबूत करने, लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन और जिला स्तर पर सहायता एवं परामर्श सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की मांग की। उनका कहना था कि इससे करदाताओं को समयबद्ध और सुगम सेवाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। चेंबर प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार, विभाग और व्यापारी समुदाय के बीच नियमित संवाद से कर प्रशासन को अधिक प्रभावी और व्यवसायी-अनुकूल बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष संजय चौबे, उपाध्यक्ष राजीव खिरवाल, सचिव नीरज संदवार, संयुक्त सचिव विवेक सिन्हा, कार्यकारिणी सदस्य निशान चौबे तथा सीए प्रियम राठौर उपस्थित थे।

Related Post