चाईबासा: अंचल अधिकारी कार्यालय, सदर चाईबासा की ओर से नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 में मंगलवार 2 जून 2026 को राजस्व शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सामुदायिक भवन कैफेटेरिया के सामने पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर में जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य, भू-लगान अद्यतन, पंजी-दो में प्रविष्टि एवं सुधार, नामांतरण (उत्तराधिकारी नामांतरण एवं आपसी बंटवारा नामांतरण), पारिवारिक सूची से जुड़े मामलों का निष्पादन किया जाएगा।
इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा सम्मान पेंशन, पारिवारिक लाभ योजना तथा आपदा से संबंधित आवेदनों को भी स्वीकार किया जाएगा। साथ ही अन्य राजस्व संबंधी कार्यों का भी निष्पादन किया जाएगा।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, जहां लोगों की स्वास्थ्य संबंधी जांच की जाएगी।
वार्ड पार्षद दोला राय ने वार्डवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

