Breaking
Fri. May 29th, 2026

ओलानिया गांव में 25 केवी ट्रांसफार्मर का उद्घाटन, ग्रामीणों को अंधेरे से मिली राहत

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित मझगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मझगांव प्रखंड की घोड़ाबांधा पंचायत के ओलानिया गांव में लंबे समय से खराब पड़े 25 केवी ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाया गया। नए ट्रांसफार्मर का उद्घाटन भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष एवं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने किया। ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ था। बिजली नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं क्षेत्र में लगातार हाथियों का प्रकोप होने से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। रात के समय बिजली नहीं होने से हाथियों के हमले का खतरा और बढ़ गया था।

ग्रामीणों ने इस समस्या की जानकारी सांसद, विधायक, मुखिया, मुंडा समेत संबंधित जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को कई बार दी थी, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हो सकी। इसके बाद ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई से संपर्क कर समस्या से अवगत कराया।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बड़कुंवर गागराई ने दूरभाष के माध्यम से बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत की और जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उनके हस्तक्षेप के बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के लिए नया 25 केवी ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया।

नया ट्रांसफार्मर गांव तक पहुंचाने और लगाने के दौरान पंकज पुरती, मिथुन पान, रूपनारायण भेंगरा, विपिन महाराणा, निरंजन भेंगरा और अनय मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बहाल होने से अब बच्चों की पढ़ाई, दैनिक कार्य और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था में काफी सहूलियत होगी। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए बड़कुंवर गागराई के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि आगे भी क्षेत्र की जनसमस्याओं का इसी तरह समाधान किया जाएगा।

Related Post