रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार शाम रांची के स्मार्ट सिटी स्थित मंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थीं। बेटी के असमय निधन से शोकाकुल परिवार के बीच पहुंचकर मुख्यमंत्री खुद भी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और श्रद्धांजलि देते समय उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
मंत्री आवास पर तृषा सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए परिजनों, शुभचिंतकों और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। तृषा के निधन की पीड़ा और परिवार के सदस्यों का दुःख देखकर कुछ देर के लिए पूरा वातावरण बेहद भावुक हो गया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए भी पिछले कुछ दिनों में यह दूसरा ऐसा मौका रहा, जब किसी करीबी के निधन ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। करीब 18 दिन पहले मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद भी मुख्यमंत्री भावुक हुए थे और उनकी आंखें नम हो गई थीं। अब मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह की असमय मौत की खबर ने उन्हें एक बार फिर गहरे दुःख में डाल दिया।
तृषा सिंह के निधन से उनका परिवार ही नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में भी शोक की लहर है। कम उम्र में हुई इस असामयिक मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है। मंत्री आवास पर मौजूद लोगों के चेहरों पर भी गम साफ नजर आया और पूरे परिसर में शोक की गंभीरता महसूस की गई।

