Breaking
Wed. May 27th, 2026

गोलमुरी में पांच घंटे के भीतर दो जगह फायरिंग, रंगदारी और नशेबाजी विवाद से दहला नामदा बस्ती इलाका

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की घटनाओं ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। महज पांच घंटे के अंतराल में नामदा बस्ती और आसपास के क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में कुल पांच राउंड गोलियां चलायी गयीं। पुलिस दोनों मामलों को आपस में जुड़ा मानकर जांच कर रही है।

पहली घटना मंगलवार रात करीब आठ बजे नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे हुई। बताया जा रहा है कि यहां पड़ोसियों के बीच चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि वीर सिंह उर्फ पंडित नामक युवक ने अमन सिंह के घर पहुंचकर उनकी मां राज कौर पर गोली चला दी। हालांकि गोली राज कौर को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गयीं। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गयी।

पीड़ित अमन सिंह ने गोलमुरी थाना में दर्ज शिकायत में बताया कि उनका छोटा भाई विक्की सिंह गलत संगत और नशे की गिरफ्त में जा रहा था। परिवार को शक था कि पड़ोस में रहने वाला वीर सिंह उर्फ पंडित उसे नशे की ओर धकेल रहा है। इसी बात को लेकर पहले विक्की सिंह को समझाया गया और बाद में वीर सिंह को भी चेतावनी दी गयी थी कि वह विक्की से दूरी बनाए। आरोप है कि इसी रंजिश में वीर सिंह मंगलवार रात स्कूटर से उनके घर पहुंचा और बाहर बैठी बुजुर्ग महिला राज कौर को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली चूकने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। अमन सिंह का कहना है कि भागते समय वीर सिंह ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी और कहा कि “जिस दिन मिलेगा, गोली मार दूंगा।”

इसके करीब पांच घंटे बाद देर रात 12 बजकर 56 मिनट पर दूसरी बड़ी फायरिंग की घटना सामने आयी। अपराधियों ने राज नामक व्यक्ति के घर के सामने तीन राउंड गोलियां चलायीं। इस दौरान एक गोली राज की थार गाड़ी में जा लगी। घटना के बाद आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गयी।

पीड़ित राज ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले उनके मोबाइल पर फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को कुंडी बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गयी। कॉलर ने कहा कि पैसे नहीं दिए तो उन्हें “कन्हैया यादव के पास ऊपर पहुंचा दिया जाएगा।” उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले कन्हैया यादव की गोलमुरी डीएसपी कार्यालय के पास गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। उस मामले में भी कुंडी का नाम सामने आया था और वह अब भी फरार बताया जा रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन अपराधी घटनास्थल पर पहुंचे थे और फायरिंग के बाद तेजी से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पहुंचे संजय सुमन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस दोनों मामलों में आपसी संबंध और आपराधिक गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है। थाना प्रभारी संजय सुमन के अनुसार आरोपियों की पहचान कर ली है और गिरफ्तार का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post