जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जाडीह गांव के कुलटांड टोला स्थित जंगल से सोमवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव सड़क से करीब 30 फीट अंदर झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। शव काफी विघटित अवस्था में था, जिससे उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत करीब पांच से छह दिन पहले हुई होगी।
मृतक का चेहरा पूरी तरह गल चुका है, जिसके कारण पहचान में कठिनाई हो रही है। पुलिस ने बताया कि मृतक की लंबाई करीब 5 फीट 2 इंच है। उसके दाहिने हाथ में लोहे का कड़ा पहना हुआ था। वहीं दाहिने हाथ की कलाई के पास अंग्रेजी में “Love” लिखा टैटू बना हुआ है। इसके अलावा उसी हाथ की कोहनी के समीप एक अन्य डिजाइननुमा टैटू भी पाया गया है।
पहनावे की बात करें तो मृतक ने नेवी ब्ल्यू और आसमानी रंग का टी-शर्ट पहन रखा था, जिस पर अंग्रेजी में “FUTURE” लिखा हुआ है। नीचे काले रंग का लोवर था। पुलिस ने बताया कि मृतक के बाल काले रंग के थे, हालांकि शरीर के अधिक विघटन के कारण बाल चमड़ी से अलग हो चुके हैं।
मामले को लेकर बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने आम लोगों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा है कि यदि किसी थाना क्षेत्र से इस हुलिये का कोई व्यक्ति लापता है या कोई व्यक्ति मृतक की पहचान कर सकता है, तो इसकी सूचना तत्काल बोड़ाम थाना को दें, ताकि शव की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।

