गोड्डा। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गोड्डा नगर पुलिस ने 24 सितंबर को विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 22.9 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, एक लैपटॉप, नौ मोबाइल फोन, 85,920 रुपये नकद, एक लाइटर और नेपाली करेंसी का 25 रुपये का नोट बरामद किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में गठित मादक पदार्थ निरोधक टीम की सूचना, सत्यापन और निगरानी के बाद की गई।
पुलिस के अनुसार गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के गुलजारबाग में अशोक कुमार के घर पर छापेमारी के दौरान 11.5 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, लाइटर, डेल कंपनी का लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, 77,220 रुपये नकद और नेपाली करेंसी का 25 रुपये का नोट बरामद हुआ। वहीं मोहन कुमार साह के पास से एक मोबाइल फोन और 8,700 रुपये नकद मिले।
इसी क्रम में गुलजारबाग निवासी आनंद कुमार झा के घर से माप-तौल मशीन, एक मोबाइल फोन और 7.2 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। जबकि चपरासी टोला निवासी अंकित कुमार अग्रवाल उर्फ गोलू के पास से एक मोबाइल फोन और 4.2 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों में अशोक कुमार, मोहन कुमार साह, आनंद कुमार झा और अंकित कुमार अग्रवाल उर्फ गोलू शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक अशोक कुमार के खिलाफ पहले से गोड्डा नगर थाने में दो मामले दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2025 का एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामला भी शामिल है। वहीं आनंद कुमार झा के खिलाफ वर्ष 2021 में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ था।
गोड्डा पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिलने पर निकटतम थाना अथवा पुलिस को गोपनीय रूप से सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात पुलिस ने कही है।

