Breaking
Fri. Aug 28th, 2026

हैदरनगर बस स्टैंड के पास भीषण अगलगी, तीन दुकानें जलकर राख; 15 लाख से अधिक की संपत्ति स्वाहा

*पलामू :* जिले के हैदरनगर बस स्टैंड के पास सोमवार अहले सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते तीन दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। इस हादसे में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 15 लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार सोमवार तड़के करीब 3 बजे बस स्टैंड के समीप स्थित शमशीर टायर दुकान, छोटू बाइक गैरेज और सलाम ऑटो गैरेज में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते तीनों दुकानें धू-धू कर जलने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा और दमकल टीम को बुलाया गया।

घटना के दौरान एक दुकान में रखा एलपीजी सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सिलेंडर ब्लास्ट के बाद आग और तेजी से फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

आग की इस घटना में तीन ऑटो, तीन बाइक और लाखों रुपये के टायर समेत भारी मात्रा में सामान जलकर नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि करीब तीन लाख रुपये मूल्य के टायर भी आग की भेंट चढ़ गए। दुकानों में रखा बाकी सामान भी पूरी तरह राख हो गया। इस घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि शुरुआती जांच में बिजली पोल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Related Post