बोकारो: बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र स्थित रेलवे कॉलोनी में बंद क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरी की घटना सामने आई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार कर चोरी गए सभी सामान बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार घटना का मास्टरमाइंड अमित कुमार सिंह बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रेलवे कॉलोनी क्वार्टर नंबर DS/1/169-H निवासी बसंती देवी ने बालीडीह थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी पड़ोसी रिया मुखर्जी घर बंद कर बाहर गई थीं। शनिवार सुबह उन्होंने देखा कि क्वार्टर का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाकर जांच करने पर घर में चोरी होने का पता चला। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों अमित कुमार सिंह और मदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह स्थित मुक्तानंद स्कूल के पास के रहने वाले हैं।पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी गया एचपी कंपनी का लैपटॉप, तीन स्टैंड पंखा, दो प्लास्टिक कुर्सी, दो छोटी साइकिल, स्टेबलाइजर, फोल्डिंग बेड, प्लास्टिक ड्रम और तीन बैग बरामद किए। ताला तोड़ने में इस्तेमाल लोहे का रॉड भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपितों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ बालीडीह थाना में मारपीट और धमकी से जुड़े मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

