चाईबासा : बढ़ती गर्मी और हिट वेव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर मुफ्फसिल थाना गेट के बाहर आम लोगों और राहगीरों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था की गई है। रविवार को थाना परिसर के बाहर लगाए गए इस पेयजल केंद्र का लाभ आने-जाने वाले लोगों को मिलने लगा।
मौके पर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस का काम केवल अपराध पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लगातार तापमान बढ़ रहा है और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में राहगीरों को ठंडा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना पुलिस की ओर से एक छोटा प्रयास है।
उन्होंने कहा कि यदि इस व्यवस्था से लोगों को थोड़ी भी राहत मिलती है तो यह पुलिस विभाग के लिए खुशी की बात होगी। थाना गेट के बाहर रखे गए पेयजल की व्यवस्था का लाभ राहगीर, वाहन चालक और आसपास के लोग उठा रहे हैं। गर्मी के कारण लोग कुछ देर रुककर पानी पी रहे हैं, जिससे उन्हें राहत मिल रही है।
इस दौरान मुफ्फसिल थाना के सभी पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। पुलिस कर्मियों ने राहगीरों को पानी पीने के लिए प्रेरित किया और गर्मी में सावधानी बरतने की अपील भी की। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की व्यवस्था से आम लोगों को काफी सुविधा मिलती है।
मुफ्फसिल थाना की ओर से बताया गया कि गर्मी के मौसम में यह व्यवस्था लगातार जारी रहेगी ताकि लोगों को राहत मिल सके।

