Breaking
Thu. May 21st, 2026

100 साल पुरानी जैन तीर्थंकर प्रतिमा चोरी मामले का महज दो घंटे में खुलासा, एक गिरफ्तार..

इटखोरी थाना प्रभारी के तत्परता और सटीक सूचना तंत्र से खुला राज, 50 लाख का अष्टधातु से बना जैन मंदिर की प्रतिमा नशेड़ी नें कर लिया था चोरी..!

चतरा : इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से चोरी हुई करीब 100 साल पुरानी अष्टधातु की 24 तीर्थंकर प्रतिमा की चोरी मामले का पुलिस ने महज दो घंटों के भीतर उद्भेदन कर लिया है। इटखोरी थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक सिंह की सटीक सूचना तंत्र और कार्य कुशलता के दम पर कार्रवाई करते हुए मामले में पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार करते हुए चोरी हुई पचास लाख रुपये से ऊपर की प्रतिमा को भी बरामद कर लिया है। साथ ही चोरी की घटना में प्रयुक्त चोर का हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (HR-48-5062) को भी जब्त किया है। इस बाबत एसपी अनिमेश नैथानी ने बताया कि विगत 20 मई को इटखोरी निवासी ताराचंद जैन के आवेदन पर इटखोरी थाना में कांड दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। साथ ही घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इटखोरी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया था। जिसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मयूरहंड थाना क्षेत्र निवासी आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही उसकी निशानदेही पर चोरी की गई करीब पचास लाख रुपये का अष्टधातु से बना 24 तीर्थंकर प्रतिमा भी बरामद कर ली गई है। एसपी नें कहा की गिरफ्तार चोर चेन स्मोकर और नशेड़ी है और गांजे के नशे की हालत में ही मूर्ति की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोर मूर्ति को बेचने दिल्ली के करोलबाग जाने वाला था। उन्होंने बताया कि जिले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं में शामिल अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। एसपी ने छापामारी टीम की सराहना करते हुए कहा कि त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के कारण चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा संभव हो सका। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। छापामारी दल में इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, एसआई दुखीराम महतो, एएसआई ओम प्रकाश यादव, आरक्षी अर्जुन कुमार व चालक रविकांत सिंह शामिल थे।

Related Post