Breaking
Thu. May 21st, 2026

पश्चिमी सिंहभूम में शिक्षा व्यवस्था पर भाजपा का हमला, स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी का आरोप

चाईबासा : भारतीय जनता पार्टी के पश्चिमी सिंहभूम जिला महामंत्री भूषण पाट पिंगुआ ने जिले की शिक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार और शिक्षा विभाग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सरकारी स्कूलों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है और विद्यार्थियों को पर्याप्त शिक्षक नहीं मिल पा रहे हैं।

भूषण पाट पिंगुआ के अनुसार जिले के 171 हाई स्कूलों में से 59 स्कूल शिक्षक विहीन हैं, जिससे हजारों छात्र प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्कूलों में विषय विशेषज्ञ नहीं होने के कारण दूसरे विषयों के शिक्षक पढ़ाई कराने को मजबूर हैं। प्लस टू विद्यालयों में भी अलग से शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से 9वीं-10वीं के शिक्षक ही इंटर की कक्षाएं संचालित कर रहे हैं।

उन्होंने स्कूल मर्जर नीति और बीच सत्र में पाठ्यक्रम परिवर्तन के फैसले की भी आलोचना की। पिंगुआ ने कहा कि इससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी तथा अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा।इस संबंध में गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जिला भाजपा मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा ने जारी की है।

Related Post