Breaking
Mon. May 18th, 2026

सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, अप्रैल में 24 मौतों पर डीसी राजीव रंजन ने जताई चिंता

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं यातायात प्रबंधन को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं, यातायात नियमों के उल्लंघन, स्कूल वाहनों की सुरक्षा, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव और हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए कई अहम निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान अप्रैल माह में जिले में हुई 31 सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। इन हादसों में 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 14 लोग घायल हुए हैं। समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि अधिकांश दुर्घटनाएं हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, तेज रफ्तार, ट्रिपल राइडिंग तथा शराब पीकर वाहन चलाने के कारण हुई हैं।

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रीय एवं राज्य उच्च पथों पर दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही रंबल स्ट्रिप, रेडियम साइन बोर्ड, क्रैश बैरियर और स्लाइडिंग बैरियर लगाने के निर्देश दिए गए। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द दुरुस्त करने तथा ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए नियमित जांच अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में स्कूल वाहनों की सुरक्षा को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। उपायुक्त ने कहा कि ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद स्कूल वैन और ऑटो की विशेष जांच की जाएगी। बिना फिटनेस, बिना परमिट, ओवरलोडिंग अथवा जर्जर वाहनों को स्कूल परिवहन में चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

हिट एंड रन मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया तेज करने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ट्रैफिक पुलिस एवं परिवहन विभाग को संयुक्त रूप से बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान चलाने को कहा गया। इसके अलावा स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं के बीच सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, धालभूम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी घाटशिला, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा स्कूल वाहन संचालक मौजूद रहे।

Related Post