चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस, श्रम विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) की संयुक्त कार्रवाई में मानव तस्करी के एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। शहर स्थित K2 होटल में छापेमारी कर पुलिस ने 30 महिला-पुरुष मजदूरों और छह नाबालिग बच्चों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। सभी को कथित रूप से बंधुआ मजदूर बनाकर गुजरात ले जाने की तैयारी चल रही थी। मौके से मजदूरों को ले जाने के लिए खड़ी राजलक्ष्मी ट्रेवल्स की बस संख्या OR 11H 0797 को भी जब्त कर लिया गया।
घटना के संबंध में सोमवार को चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि रविवार रात पोड़ाहाट अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ मानव तस्कर महिला-पुरुषों और नाबालिग बच्चों को होटल K2 में ठहराकर अवैध तरीके से गुजरात भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकार सह श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी साजेस महतो ने कर्रा सोसाइटी फॉर रूल एक्शन, रांची तथा चाइल्डलाइन को इसकी जानकारी दी और तत्काल पुलिस प्रशासन से संपर्क किया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम में थाना प्रभारी अवधेश कुमार, परमेश्वर उरांव, राज किशोर तिवारी, बीरबल चौबे तथा चक्रधरपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। टीम ने देर रात होटल K2 में घेराबंदी कर छापेमारी की और वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए लोगों में 30 वयस्क मजदूरों के साथ छह नाबालिग बच्चे शामिल हैं, जिनमें पांच लड़के और एक लड़की है। सभी नाबालिगों को सुरक्षित रखने और आगे की काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति (CWC) चाईबासा के निर्देश पर चाइल्डलाइन चाईबासा को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गुजरात निवासी दो मानव तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में निकुंज गोविंद बोरसानिया (32 वर्ष), पिता गोविंद भाई बोरसानिया, निवासी श्रीजी पैलेस, सरदार सोसाइटी, मोरवी, राजकोट, गुजरात तथा कादिवर निलेश भाई (34 वर्ष), पिता जैयेंद्र भाई, निवासी रुसश नगर, मोरवी, गुजरात शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ BNS और बाल श्रम अधिनियम की धाराओं के तहत चक्रधरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है और मामले में आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

