चाईबासा: झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा की छात्रा प्रियांशी खत्री ने कॉमर्स संकाय में पूरे राज्य में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। प्रियांशी, संदीप खत्री और ऊषा खत्री की पुत्री हैं।
उन्होंने अपनी इंटरमीडिएट की पढ़ाई संत जेवियर गर्ल्स इंटर कॉलेज चाईबासा से पूरी की है।
प्रियांशी की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ जिले में भी खुशी का माहौल है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद लोगों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रियांशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और लगातार की गई मेहनत को दिया है।
प्रियांशी ने बताया कि उनका लक्ष्य आगे की पढ़ाई पूरी कर चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनना है। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई, आत्मविश्वास और अनुशासन के बल पर यह सफलता हासिल हुई है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने की अपील की।
प्रियांशी की सफलता पर खत्री सम्मेलन के सदस्यों ने उनके घर पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सदस्यों ने कहा कि प्रियांशी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से न केवल परिवार बल्कि पूरे चाईबासा जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर खत्री समाज के लोगों ने उनके बेहतर भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी तरह सफलता हासिल करने का आशीर्वाद दिया।

