सरायकेला।सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ और तैयार अवैध शराब बरामद की गई। प्रशासन ने संबंधित संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार उपायुक्त सरायकेला-खरसावां और अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर सोमवार को अवर निरीक्षक उत्पाद एवं मोबाइल टास्क फोर्स के प्रभारी नीरज कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई आरआईटी थाना क्षेत्र के भुवा जंगल और गम्हरिया थाना अंतर्गत जामजोड़ा गांव में की गई।
छापेमारी के दौरान टीम ने कुल तीन अवैध महुआ शराब चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया। मौके से लगभग 2100 किलोग्राम जावा महुआ और 60 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। अधिकारियों ने बरामद सामग्री को जब्त कर नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उत्पाद विभाग ने बताया कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि ऐसे कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

