Breaking
Tue. Jun 9th, 2026

पोटका के पत्रकार शंकर गुप्ता को ब्रेन हेमरेज, टीएमएच में भर्ती

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार शंकर गुप्ता की सोमवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार उन्हें ब्रेन हेमरेज होने के बाद तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पत्रकारिता जगत और उनके शुभचिंतकों में चिंता का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि शंकर गुप्ता को अचानक शरीर के बाएं हिस्से में कमजोरी महसूस होने लगी। विशेष रूप से उनके बाएं हाथ और पैर को उठाने तथा सामान्य रूप से चलाने में परेशानी हो रही थी। हालत गंभीर होते देख परिजनों और सहयोगियों ने बिना देर किए उन्हें टीएमएच पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक जांच के बाद तत्काल इलाज शुरू कर दिया। चिकित्सकों द्वारा उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

शंकर गुप्ता की तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही झारखंड जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेंद्र ज्योतिषी, कोषाध्यक्ष राकेश मिश्रा, उपाध्यक्ष बिरेंद्र सिंह तथा प्रवक्ता अनुप गुप्ता ने टीएमएच जाकर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली। इस दौरान संगठन की ओर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर टाटा स्टील सर्विसेज के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि शंकर गुप्ता लंबे समय से पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं और क्षेत्र में उनकी एक सक्रिय एवं सजग पत्रकार की पहचान रही है। उन्होंने ईश्वर से शंकर गुप्ता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि वे जल्द स्वस्थ होकर पुनः पत्रकारिता और समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय हों।

इधर, पोटका एवं जमशेदपुर के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों तथा शुभचिंतकों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

Related Post