Breaking
Mon. May 18th, 2026

गीतांजली एक्सप्रेस में कैंसर मरीज की मौत, मुंबई से इलाज कराकर लौट रहा था कोलकाता

चक्रधरपुर। मुंबई से कैंसर का इलाज कराकर कोलकाता लौट रहे एक युवक की सोमवार को गीतांजली एक्सप्रेस में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना राउरकेला और चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन के बीच की है। मृतक की पहचान कोलकाता के गार्डन रीच निवासी 28 वर्षीय शेख शाहबुद्दीन के रूप में हुई है। वह मोहम्मद कलाम के पुत्र थे।

बताया गया कि शाहबुद्दीन लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। पहले उनका इलाज चितरंजन स्थित अस्पताल में चल रहा था, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मुंबई के टाटा कैंसर अस्पताल रेफर कर दिया था। मुंबई में इलाज कराने के बाद वह अपनी पत्नी जोया और भाई बहीदुद्दीन के साथ गीतांजली एक्सप्रेस से कोलकाता लौट रहे थे।

परिजनों के अनुसार सोमवार को ट्रेन के राउरकेला स्टेशन से खुलने के कुछ देर बाद शाहबुद्दीन की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी और देखते ही देखते वह बेहोश हो गए। ट्रेन में मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों को इसकी सूचना दी गई। ट्रेन के चक्रधरपुर स्टेशन पहुंचते ही परिजन उन्हें नीचे उतारकर इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी थाना प्रभारी मोहम्मद सुहैल खान अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे कोलकाता ले जाया गया।

परिजनों ने बताया कि मुंबई में इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत में कुछ सुधार होने की बात कही थी, लेकिन सफर के दौरान अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। जीआरपी पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Post