Breaking
Sun. Sep 27th, 2026

झुमरीतिलैया में युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

कोडरमा। जिले के तिलैया थाना अंतर्गत इंदरवा बस्ती के आजाद मोहल्ला में बीती रात एक नाबालिक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 15 वर्षीया रिया कुमारी (पिता रौशन चंद्रवंशी) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रिया की मां और भाई शुक्रवार की शाम सामान की खरीदारी करने हेतु बाजार गए हुए थे। इस दौरान रिया घर पर अकेली थी। बाजार करने के पश्चात जब रिया की मां और उसके भाई वापस अपने घर पहुंचे तो रिया उन्हें कहीं दिखाई नहीं दी। इसके बाद वे घर के दूसरे तल्ले पर रिया के कमरे में पहुंचे। जहां देखा कि रिया फांसी के फंदे पर झूल रही थी। उसकी मां ने इसकी सूचना रिया के पिता को दी। घटना की सूचना मिलते ही रिया के पिता घर पहुंचे और रिया को फंदे से नीचे उतारा। वहीं इस घटना की सूचना देर रात तिलैया पुलिस को दी गई। घटना की सूचना पाकर तिलैया थाना के एएसआई अनुरंजन कुमार अपने दल बल के साथ रिया के घर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेते हुए मामले की जांच में जुट गए। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर रिया के परिजनों ने बताया कि वह बीते 10-15 दिनों से काफी उदास रहती थी। उसके उदासी का कारण पूछे जाने पर वह परिवार के किसी भी सदस्य को कुछ भी नहीं बता रही थी। रिया ने आत्महत्या क्यों की, इसकी जानकारी अभी तक ना तो परिजनों को मिल पाई है और ना ही पुलिस को। रिया कक्षा 9 की छात्रा थी और उसके पिता झुमरीतिलैया शहर में ही फुटपाथ पर कपड़े बेचने का काम किया करते हैं।

Related Post