कोडरमा। जिले के झुमरीतिलैया से सटे मिटको कॉलोनी भंडरवा में महिला नेहा राज की हत्या अवैध संबंध के कारण हुई थी। एसपी कुमार शिवाशीष ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी श्री कुमार ने बताया कि गुरुवार को नेहा राज के घर में गला रेत कर जघन्य हत्या की घटना घटित हुई थी। घटना के संबंध में कोडरमा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर त्वरित अनुसंधान प्रारंम्भ किया गया। अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक (मु) रतिभान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम के द्वारा गहनता पूर्वक अनुसंधान कर तकनीकी साक्ष्य एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर काण्ड का उदभेदन किया गया एवं रोहित राणा (36 वर्ष, पिता स्व लक्ष्मण राणा) था देवंती राणा (30 वर्ष, पति रोहित राणा) दोनो ग्राम सलैया थाना व जिला कोडरमा को गिरफ्तार किया गया। उपरोक्त दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया है तथा घटना में प्रयुक्त वाहन, चाकू एवं घटना के समय पहने हुए कपडा को बरामद किया गया है। घटना का कारण यह है कि मृतका नेहा राज के पति शंभू राणा का देवंती राणा के साथ अवैध संबंध था। बदले की भावना को लेकर उक्त घटना को अंजाम दिया गया है। एसपी श्री कुमार ने बताया कि देवंती राणा के साथ शंभू राणा के अवैध संबंध को लेकर अलग से मामला दर्ज कर शंभू राणा के विरूद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। इन दो मामलों में रोहित राणा, उसकी पत्नी देवंती राणा और शंभू राणा को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही घटना के समय पहने हुए कपडा, घटना में प्रयुक्त मोटर साईकिल, प्रयुक्त चाकू और दो मोबाईल जप्त किए गए हैं। इस मामले का खुलासा उस कॉलोनी में एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी ने खोल दिया। पुलिस की जांच में सीसीटीवी में दिखा कि एक महिला और एक पुरुष नेहा राज के घर की ओर गए और फिर वहां से निकलते भी दिखे। पुलिस ने शंभू राणा से पूछताछ की और जब जानकारी ली तो उसके रिश्तेदार रोहित राणा को पकड़ा और फिर इस मामले का खुलासा हो गया। छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी कोडरमा विकास कुमार, थाना प्रभारी तिलैया विनय कुमार, थाना प्रभारी चन्दवारा शशि भूषण, महिला थाना प्रभारी हेमा कुमारी, पुअनि रोहित कुमार सिंह, सशस्त्र बल एवं पैंथर शामिल थे।

