जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के सोपोडेरा स्थित राजकीय मध्य विद्यालय परिसर में दो दिन पूर्व मिली नाबालिग किशोरी की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में बिरसानगर निवासी सोनू कर्मकार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और किशोरी द्वारा लगातार शादी का दबाव बनाए जाने के कारण उसने सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
सिटी एसपी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6:15 बजे स्कूल परिसर में एक अज्ञात किशोरी का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वाड की मदद ली गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सेल की सहायता से आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मृतका और सोनू कर्मकार के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन आरोपी अपनी पत्नी के पास छोलागोड़ा जाने के दौरान किशोरी को साथ लेकर स्कूल परिसर पहुंचा था। वहीं दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना के समय पहना गया सफेद शर्ट भी बरामद किया गया है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी के नाबालिग होने की चर्चा गलत थी। उसके शैक्षणिक प्रमाणपत्र और आधार कार्ड की जांच में वह बालिग पाया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के समय और अन्य वैज्ञानिक तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

