जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 स्थित चांदनी चौक के समीप ग्राम कुसतिला में बीते देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान गोरखा सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखा सिंह देर रात किसी काम से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़े। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जिससे आसपास के लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।
घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले को लेकर पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।

