खूंटी। जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में एक बार फिर उग्रवादियों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए गुरुवार देर रात दहशत फैला दी। हथियारों से लैस पीएलएफआई उग्रवादियों ने धुर्वा-कर्रा मुख्य मार्ग के कुलहुट्टू जंगल स्थित एक रेलवे ठेकेदार के प्लांट पर धावा बोल दिया। इस दौरान उग्रवादियों ने वहां खड़ी निर्माण कार्य में लगी भारी मशीनरी को निशाना बनाते हुए उसमें आग लगा दी और इलाके में कई राउंड फायरिंग कर भय का माहौल बना दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक पहुंचे उग्रवादियों ने पहले मजदूरों और कर्मचारियों को डराया-धमकाया, फिर मशीन में आग लगा दी। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे मशीन पूरी तरह जलने से बच गई, लेकिन उसे आंशिक नुकसान पहुंचा है। फायरिंग की आवाज से आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में अपने घरों में दुबक गए।
घटनास्थल से पुलिस को पीएलएफआई के नाम से जारी एक पर्चा भी बरामद हुआ है। इस पर्चे में संगठन के कथित सदस्य अमृत होरो ने हमले की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में कहा गया है कि बिना संगठन से बातचीत किए क्षेत्र में निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि जब तक संगठन के साथ बातचीत नहीं होती, तब तक सभी निर्माण कार्य बंद रखे जाएं, अन्यथा और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और आसपास के जंगलों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उग्रवादियों की संख्या कितनी थी और वे किस दिशा में फरार हुए।
इस घटना के बाद से कर्रा और आसपास के क्षेत्रों में भय का माहौल व्याप्त है। स्थानीय लोगों और मजदूरों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है, जिससे निर्माण कार्य पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और क्षेत्र में शांति बहाल करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

