Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

भीषण गर्मी में राहत का संकल्प: मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी सुरभि शाखा ने शुरू किया “Water on Wheels – चलित अमृतधारा” अभियान

जमशेदपुर। शहर में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच आम राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी सुरभि शाखा ने एक सराहनीय पहल की है। संस्था द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी “Water on Wheels – (चलित अमृतधारा)” अभियान की शुरुआत 29 अप्रैल को प्रातः 11:00 बजे श्रे काम के पास की गई।

इस सेवा के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में टोटो एवं अन्य छोटे वाहनों के माध्यम से शीतल एवं स्वच्छ पेयजल का वितरण किया जाएगा, जिससे राह चलते लोगों को भीषण गर्मी में तुरंत राहत मिल सके। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पानी उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना को भी सशक्त करना है।

शाखा की अध्यक्ष पायल अग्रवाल ने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच स्टील सिटी सुरभि शाखा पिछले कई वर्षों से गर्मी के मौसम में आम लोगों के लिए निःशुल्क ठंडे पानी की व्यवस्था करती आ रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अभियान को और व्यापक रूप देते हुए कुल 15 वाहनों के माध्यम से शहर के अलग-अलग इलाकों में जल वितरण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इस सेवा का लाभ पहुंच सके। उन्होंने आगे कहा कि यह सेवा पूरे एक महीने तक लगातार चलाई जाएगी।

कार्यक्रम के सफल संचालन में शाखा की सचिव प्रियंका चौधरी, कोषाध्यक्ष नुपुर तुलस्यान तथा अमृतधारा संयोजिका प्रीति अग्रवाल (गोलमुरी) की अहम भूमिका रही। इन सभी पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों से अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें और समाज सेवा के इस अभियान को सफल बनाएं।

इस अवसर पर शाखा की पूरी टीम ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह की जनसेवा से जुड़ी पहलें निरंतर जारी रहेंगी।

Related Post