Breaking
Wed. Apr 29th, 2026

आठवें वेतन आयोग को ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने भेजे 9 सूत्रीय सुझाव*

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चक्रधरपुर निवासी ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन (AIRTU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने आठवें वेतन आयोग के लिए 9 बिंदुओं पर आधारित विस्तृत सुझाव ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्रस्तुत किए हैं। यूनियन ने इन सुझावों में ट्रैक मेंटेनरों के वेतन, भत्तों, पदोन्नति और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है।

बुधवार को चांद मोहम्मद ने बताया कि फिटमेंट फैक्टर में सम्मानजनक बढ़ोतरी करते हुए इसे न्यूनतम 3.83 निर्धारित किया जाए, जिससे कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 70 हजार रुपये हो सके। साथ ही वार्षिक वेतन वृद्धि को 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने की मांग भी रखी गई है।

यूनियन ने ट्रैक मेंटेनरों को मिलने वाले रिस्क एंड हार्डशिप अलाउंस को R1H1 श्रेणी में शामिल करने और इसे मूल वेतन का 30 प्रतिशत किए जाने की मांग की है। इसके अलावा अभियांत्रिकी विभाग के ट्रैक मेंटेनरों को लेवल-6 का लाभ देने और अन्य विभागों की तरह विभागीय परीक्षा (LDCE) में भाग लेने का अवसर प्रदान करने की भी मांग की गई है।

सुझावों में रेल सेवा के दौरान मृत्यु होने पर मिलने वाली एक्स-ग्रेशिया राशि को बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये करने की मांग की गई है। साथ ही कैडर रिस्ट्रक्चरिंग में बदलाव कर प्रमोशन के अवसर बढ़ाने और ग्रुप-डी की सभी नई भर्तियों को ट्रैक मेंटेनर पद पर करने का प्रस्ताव रखा गया है।

यूनियन ने ट्रैक मेंटेनरों के लिए संक्रमण भत्ता लागू करने की भी मांग की है, क्योंकि उन्हें कार्य के दौरान गंदगी और संक्रमण के खतरे के बीच काम करना पड़ता है। इसके अलावा साइकिल अनुरक्षण भत्ता को मोटरसाइकिल अनुरक्षण भत्ता में बदलने और ड्रेस अलाउंस को बढ़ाकर 30 हजार रुपये करने की मांग की गई है।

चांद मोहम्मद ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) को पुनः लागू करने की भी मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि पेंशन कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार है और इसे बहाल किया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि आठवें वेतन आयोग को सुझाव देने के लिए प्रत्येक बिंदु पर विस्तृत विवरण मांगा गया है, जिसमें यूनियन ने कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को संक्षेप में रखने का प्रयास किया है।

Related Post