Breaking
Sat. Jul 4th, 2026

मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में पृथ्वी दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जमशेदपुर: गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी साकची के अधीन संचालित मॉडर्न इंग्लिश स्कूल में पृथ्वी दिवस बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के चारों हाउस—रेड, ब्लू, ग्रीन और येलो—के विद्यार्थियों ने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण, पेड़ों की महत्ता और पृथ्वी को बचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। लगभग 40 छात्रों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इनमें स्मिथ कौर, सजल कुमारी, आर्ची पोद्दार, आर्य सिंह, माही प्रीत, आर्यन कुमार, जश्न प्रकाश, आयुष कुमार, वंश कुमार, राजीव कुमार और गम्मा प्रगति सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन के सहायक सचिव सतबीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य संतोख सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “प्रकृति हमारी माता है और उसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है।” उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव लाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें।

उन्होंने कहा कि पेड़ लगाना, जल संरक्षण करना, प्लास्टिक का कम उपयोग और ऊर्जा की बचत जैसे कदम मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं। साथ ही उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे स्कूल के साथ-साथ घर और समाज में भी पर्यावरण संरक्षण की मुहिम को आगे बढ़ाएं।

शिक्षकों के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रकृति के प्रति प्रेम विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

Related Post