Breaking
Thu. May 21st, 2026

गंजिया बराज में नहाने के दौरान छात्र की डूबकर मौत, स्कूल जाने की बात कहकर दोस्तों संग निकला था घर से

गम्हरिया।सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित गंजिया बराज में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धतकीडीह निवासी अताउल्लाह के पुत्र फहद रहमान के रूप में हुई है, जो बारहवीं कक्षा का छात्र था और कदमा स्थित आंध्र एसोसिएशन स्कूल में पढ़ाई करता था। जानकारी के मुताबिक फहद बुधवार सुबह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह अपने चार दोस्तों के साथ गंजिया बराज नहाने चला गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी युवक बराज में नहा रहे थे, तभी फहद अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह पानी में लापता हो चुका था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फहद का शव बराज से बरामद किया गया। घटना सुबह लगभग 10 बजे की बताई जा रही है।

फहद के साथ मौजूद उसके दोस्तों में कामरान, आसिफ, हमदान और असद शामिल थे। पुलिस ने सभी से पूछताछ की है और घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। गौरतलब है कि हाल ही में आदित्यपुर कॉलोनी के दो छात्र भी आसंगी में खरकाई नदी में डूब गए थे। दोनों ही छात्र घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन नदी में नहाने चले गए और हादसे का शिकार हो गए।

Related Post