झारसुगुड़ा। बामरा और बेलपहाड़ के बीच हाल ही में सामने आई कथित लूट एवं चोरी की घटनाओं के संदर्भ में जीआरपीएस/झारसुगुड़ा द्वारा दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला संख्या 22/26 दिनांक 18 अप्रैल 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(सी) के तहत दर्ज किया गया है, जिसमें करीब 3 लाख 72 हजार रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी होने की शिकायत है। वहीं दूसरा मामला संख्या 23/26 दिनांक 19 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया, जो एक मोबाइल फोन की चोरी से संबंधित है। दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच जारी है।
रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीमें इन मामलों को सुलझाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। वर्ष 2026 के दौरान झारसुगुड़ा पोस्ट के अधिकारियों और जवानों द्वारा नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं तथा झारसुगुड़ा–राउरकेला और चक्रधरपुर सेक्शन में ट्रेनों की एस्कॉर्टिंग भी की जा रही है।
इन अभियानों के दौरान अब तक तीन चोरी के मामलों का सफलतापूर्वक खुलासा किया गया है। कार्रवाई के क्रम में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से चोरी के सामान, जिनमें चार मोबाइल फोन, सोने के आभूषण और एक आईफोन शामिल है, बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 48 हजार 900 रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों और जब्त किए गए सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपीएस/झारसुगुड़ा को सौंप दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की है।

