जमशेदपुर: सिंहभूम मंडल के डाक विभाग ने शिक्षा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित पत्र लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर बच्चों की लेखन प्रतिभा को सराहा गया, साथ ही उन्हें वित्तीय साक्षरता से जोड़ने की दिशा में भी पहल की गई।
कार्यक्रम में ‘दीन दयाल स्पर्श योजना’ के तहत चयनित छह मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। प्रत्येक छात्र को 6,000 रुपये का चेक और डाकघर में बचत खाता खोलकर सम्मानित किया गया। इस योजना के अंतर्गत श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल के उमंग कुमार गुप्ता, अनुष्का कुमारी और आर्यमन चतुर्वेदी, मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल की आराध्या सृष्टि तथा वैली व्यू स्कूल के रोनित पात्रा और सजन कुमार भगत को सम्मान मिला।
वहीं राष्ट्रीय स्तर की ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता में भी जमशेदपुर की छात्रा तनीषा कुमारी पांडे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य में दूसरा स्थान हासिल किया। साकची स्थित सीएम एसओई (गर्ल्स स्कूल) की इस छात्रा को विभाग की ओर से 10,000 रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर सिंहभूम मंडल के डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में पत्र लेखन जैसी पारंपरिक कला के प्रति रुचि बढ़ती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रहेंगी ताकि अधिक से अधिक छात्र इसमें भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखार सकें।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा जगत के प्रतिनिधियों ने भी डाक विभाग की पहल की सराहना की। मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल की प्राचार्य ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
अंत में डाक अधीक्षक ने सभी विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी आगामी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

