Breaking
Sun. May 10th, 2026

हाथियों ने युवक को पटक कर मारा, ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

कोडरमा। जिले के सतगावां प्रखंड में जंगली हाथियों से प्रभावित लोग रविवार को सड़क पर उतर आए और गया-देवघर मुख्य मार्ग को कटैया मोड़ के पास जाम कर दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और सुरक्षा की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाथी लगातार इलाके में आतंक मचा रहे हैं, पर विभाग कान में तेल डालकर सोया है। बीती रात हाथियों के झुंड ने कटैया गांव के समीप 30 वर्षीय युवक मोहित कुमार (पिता शिवनंदन यादव) को बेरहमी से पटक कर मार डाला। मोहित कुमार अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से हाथियों का झुंड इसी इलाके में विचरण कर रहा है, लेकिन वन विभाग द्वारा उन्हें खदेड़ने के लिए कुछ नहीं किया गया। शुक्रवार की रात भी तीन हाथियों के झुंड ने गजहर गांव में भारी उत्पात मचाया था। हाथियों ने संजू देवी नामक महिला के घर का दरवाजा तोड़कर भीतर रखा करीब 10 क्विंटल अनाज चट कर दिया और घर के बर्तन व कपड़े भी तहस-नहस कर दिए। गनीमत थी कि घटना के वक्त परिवार के लोग दूसरे मकान में सो रहे थे। इस घटना के बाद पूरे सतगावां प्रखंड में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। इधर सड़क जाम की सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि विभाग अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता और प्रावधानों के तहत मुआवजा का आश्वासन दिया है। वहां पहुंचे डीएफओ सौमित्र शुक्ला ने लोगों को एहतियातन उपाय करने और जल्द मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही वनरक्षियों को हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर खदेड़ने के निर्देश दिए गए।

Related Post