Breaking
Sun. Apr 19th, 2026

खालसा वॉरियर एकादश बनी केपीएल चैंपियन, फाइनल में टिनप्लेट सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराया

जमशेदपुर: खालसा प्रीमियर लीग (केपीएल) के रोमांचक फाइनल में खालसा वॉरियर एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टिनप्लेट सुपर किंग्स को 7 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। रविवार को को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में खेले गए इस मुकाबले में खालसा की टीम पूरी तरह हावी रही।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टिनप्लेट सुपर किंग्स की टीम 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 72 रन ही बना सकी। टीम की ओर से गोल्डी ने 26 रन और राज ने 18 रन की उपयोगी पारियां खेलीं। खालसा वॉरियर की ओर से रौनक और कप्तान ने एक-एक विकेट हासिल किया।

73 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी खालसा वॉरियर एकादश ने मात्र 6.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 75 रन बनाते हुए आसान जीत दर्ज की। रौनक ने सिर्फ 9 गेंदों में 34 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया, जबकि अमन ने 19 रन का योगदान दिया।

रौनक को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द फाइनल’ चुना गया। उन्होंने 34 रन बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में भी 1 विकेट लिया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का खिताब भी मिला।

टूर्नामेंट के अन्य पुरस्कारों में टिनप्लेट सुपर किंग्स के करण को ‘सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज’ और ‘सिक्सर किंग’ चुना गया, जबकि परम को ‘सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज’ का पुरस्कार मिला।

तीन दिवसीय इस टूर्नामेंट का आयोजन गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची द्वारा किया गया था। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के महासचिव सौरव तिवारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं।

विशिष्ट अतिथि सरदार निशान सिंह ने कहा कि यह टूर्नामेंट सिख युवाओं में खेल भावना और एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

समारोह में कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पदक देकर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में कमिटी के सदस्यों और आयोजकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Post