Breaking
Sat. Apr 18th, 2026

जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता: जगत माझी

सोनुवा: मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी इन दिनों सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में जनचौपाल लगाकर लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को वे सोनुवा प्रखंड के बोयकेड़ा पंचायत पहुंचे।

विधायक ने बोयकेड़ा, जराकेल, पंसुवा और झुम्पुरा गांवों का दौरा किया और ग्रामीणों से मुलाकात की। बोयकेड़ा और जराकेल में पेड़ के नीचे जनचौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल संकट, खराब चापाकल की मरम्मत, सड़क निर्माण, विद्यालय में शिक्षक नियुक्ति और बिजली व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं।

ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने बोयकेड़ा-अर्जुनपुर के बीच संजय नदी पर पुल निर्माण और पंचायत भवन से प्राथमिक विद्यालय तक सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया।

जनचौपाल में प्राप्त शिकायतों पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देश भी दिए।

जराकेल में जर्जर बिजली पोल बदलने के लिए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया गया। वहीं प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक के प्रतिनियोजन को रद्द कर मूल विद्यालय में पदस्थापना के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी निर्देश दिया गया।

पंसुवा स्कूल परिसर में भी विधायक ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई की समस्या को दूर करने के लिए पंसुवा डैम से व्यवस्था कराने का प्रयास किया जाएगा।

विधायक जगत माझी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव के समय सक्रिय रहना नहीं, बल्कि आम दिनों में भी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान कराना है।

इस दौरान बोयकेड़ा के मुखिया सोहन माझी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, पूर्व मुखिया अमित अंगरिया, देवेन चातर, जोटो सुरीन, लखिन्द्र सुरीन, मंगल सिंह चाम्पिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Related Post