सरायकेला।सरायकेला-खरसावां जिले में शनिवार का दिन दर्दनाक घटनाओं से भरा रहा, जहां दो अलग-अलग रेल हादसों में दो लोगों की जान चली गई। इन घटनाओं के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है और मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
पहली घटना सरायकेला थाना क्षेत्र के कोलेबिरा रेलवे पुलिया के पास की है। यहां रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 29 वर्षीय सुधीर कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो देवघर जिले के जसीडीह के रहने वाले थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुधीर राजकोट से जमशेदपुर आ रहे थे। इसी दौरान कोलेबिरा पुलिया के पास किसी कारणवश ट्रेन से गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।
दूसरी घटना सरायकेला थाना क्षेत्र के सीनी ओपी अंतर्गत कमलपुर की है। यहां एक व्यक्ति रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। इस हादसे में 50 वर्षीय परवेज अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुबह के समय वह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रेन आ गई और वे उसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही सीनी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस आगे की कार्रवाई और जांच कर रही है।

