Breaking
Sat. Apr 18th, 2026

अंतर जिला महिला अंडर-19 क्रिकेट में जमशेदपुर और देवघर की जीत

चाईबासा: झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित अंतर जिला महिला अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए मुकाबलों में जमशेदपुर और देवघर की टीमों ने जीत दर्ज की। जमशेदपुर ने सरायकेला-खरसावां को 175 रनों से जबकि देवघर ने कोडरमा को 9 विकेट से हराया।

बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम, चाईबासा में सुबह 9 बजे खेले गए पहले मैच में टॉस जीतकर जमशेदपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 220 रन बनाए। टीम की ओर से प्राची प्रधान ने 39 गेंदों पर 87 नाबाद रन बनाए, जिसमें 13 चौके और 2 छक्के शामिल थे। नादिया अली ने 57 रन और अनन्या वर्मा ने 48 रन का योगदान दिया।

सरायकेला-खरसावां की ओर से दृष्टि सिंह, महक राव, भाग्यलक्ष्मी महतो और रेनिता हपतगड़ा ने एक-एक विकेट लिया।

221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरायकेला-खरसावां की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर केवल 45 रन ही बना सकी। टीम की ओर से अंकिता कुमारी ने 12 रन बनाए। जमशेदपुर की ओर से इशिका दीपक ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि मेधा कुमारी, स्तुती सलोनी और रेनिता हपतगड़ा को एक-एक विकेट मिला।

प्राची प्रधान को शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। उन्हें 5000 रुपये का नकद पुरस्कार मैच के लाइजनिंग ऑफिसर गोविंदा मुखर्जी ने प्रदान किया।

दूसरा मैच दोपहर 1 बजे खेला गया, जिसमें देवघर ने कोडरमा को 9 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोडरमा की टीम 18.5 ओवर में 58 रन पर सिमट गई। अर्पिता ने 13 रन बनाए।

देवघर की कप्तान सोनिया कुमारी ने 4 रन देकर 3 विकेट लिए और प्लेयर ऑफ द मैच बनीं। रिचा आर्या ने 2 विकेट लिए, जबकि लक्ष्मी कुमारी, जयमाला कुमारी और पिंकी कुमारी को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष सह मैच के लाइजनिंग ऑफिसर गोविंदा मुखर्जी ने किया। उन्होंने दोनों टीमों और मैच अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस मौके पर पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह की गेंद पर शॉट लगाकर मैच के शुरुआत की घोषणा की गई।

Related Post